मिनी ओलंपिक्स किलारायपुर गेम 8 मार्च से
आयोजक ग्रेवाल स्पोर्ट्स क्लब पत्ती सुहाविया ने किया एलान
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। मिनी ओलंपिक्स के नाम से मशहूर किला रायपुर गेम्स 8 मार्च से शुरू होने जा रही है। तीन दिवसीय गेम्स का आयोजन ग्रेवाल स्पोर्ट्स क्लब पत्ती सुहाविया की तरफ से 8 से 10 मार्च तक किया जाएगा। इसकी तारीख का एलान वीरवार को क्लब सदस्यों की ओर से किया गया। क्लब सदस्यों के मुताबिक किलारायपुर गेम्स अगले महीने दर्शकों का मनोरंजन करती दिखेंगी। इसमें कैबिनेट की ओर से बैलगाड़ी दौड़ करवाने को मिली हरी झंडी के बाद क्लब के साथ बैलगाड़ी दौड़ाकों में भी खुशी की लहर है। बस कैबिनेट के मंजूरी पत्र का इंतजार है, जोकि कुछ दिनों में मिल जाएगा। एक दो दिन में खेलों के पोस्टर भी जारी कर दिए जाएंगे। यहां उल्लेखनीय है कि मिनी ओलंपिक्स के नाम से मशहूर किला रायपुर गेम्स की रौनक रही बैलगाड़ी दौड़ 4 वर्ष बाद फिर से लौट आई है। अब मैदान पर बैल दौड़ाके बैल दौड़ाते नजर आएंगे।
इसी माह दो बार स्थगित हुई गेम्स:
क्लब की ओर से प्रत्येक वर्ष फरवरी में ही किलारायपुर गेम्स करवाई जाती रही हैं। इस साल भी क्लब ने 2 फरवरी को खेलों को करवाने का एलान किया था। लेकिन कैबिनेट के विधानसभा सेशन में बैलगाड़ी दौड़ को मंजूरी मिलने के आश्वासन की आस में उन्होंने इसकी तारीख आगे बढ़ा दी थी। इसके बाद खेलों को 22 फरवरी को करवाने का फैसला लिया गया। जबकि इससे पहले ही 17 फरवरी को कैबिनेट ने बैलगाड़ी दौड़ को मंजूरी दे दी। इसके बाद फिर से खेल स्थगित हो गए। जो अब आखिरकार 8 मार्च को होंगे। ग्रेवाल स्पोर्ट्स क्लब पत्ती सुहाविया के सचिव बलविंदर सिंह जग्गा ने बताया कि खेलों पर एनिमल वेलफेयर बोर्ड की ओर से 2014 में बैन लगाया गया था। उन्होंने कहा कि वह जल्द खेल मेले और बैलगाड़ी दौड़ का पोस्टर जारी करेंगे।
ग्रेवाल स्पोर्ट्स क्लब के आगे लगा पत्ती सुहाविया
ग्रेवाल स्पोर्ट्स क्लब की ओर से पिछले लंबे समय से किलारायपुर खेल मुकाबले करवाए जा रहे हैं। लेकिन इस बार इतने सालों में पहली बार ग्रेवाल स्पोर्ट्स क्लब के साथ पत्ती सुहाविया नाम जोड़ दिया गया है। प्रधान ज्ञान सिंह व सचिव बलविंदर जग्गा ने बताया कि किलारायपुर खेल मेले के लिए नई कमेटी बनाई गई है। जिसमें नए प्रधान का चुनाव भी किया गया है। नई कमेटी के फैसले के अनुसार ही पत्ती सुहाविया नाम जोड़ा गया है। इसमें ग्रेवाल स्पोर्ट्स क्लब का कोई रोल नहीं होगा। जो भी काम होगा पत्ती सुहाविया की ओर से होगा।