स्वच्छ भारत की छवि को कागजों पर उकेरा
राउंड टेबल इंडिया ने किया मेगा चैरिटी आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
देश में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने के लिए युवाओं की संस्था राऊंड टेबल इंडिया की ओर से स्थानीय फिरोजपुर रोड स्थित बेव मॉल में ‘जिंदगी के रंग राऊंड टेबल के संग’ नामक मेगा चैरिटी आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने कागजों पर ‘स्वच्छ भारत’ की छवि को उकेरा।
मुकाबले में 6 से 16 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि के तौर पर आईजीपी युविंदर सिंह हेयर और विशेष अतिथि के तौर पर जिला शिक्षा अधिकारी जसप्रीत कौर ने शिरकत की। आईजीपी ने राऊंड टेबल इंडिया द्वारा शिक्षा का स्तर ऊपर उठाने के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की और बच्ची की कलाकृतियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है और देश भी। उन्होंने कहा कि पेटिंंग एक भाषा है जिसे सभी जातियों के लोग मिलकर बोलते हैं और देश में जागृति लाने की कोशिश करते हैं।
निधि गुप्ता, शोभन सोई और हरलीन सोना ने निर्णायकों की भूमिका निभाई। संस्था के चेयरमैन आयूश जैन ने बताया कि चैरिटी के माध्यम से इकत्रित हुए पैसों से जवद्दी स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल में कक्षा का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में सरकारी स्कूलों का स्तर ऊंचा हो और यहां पढ़कर बच्चे उच्च शिक्षा ग्रहण करें। अतिथियों ने विजेता बच्चोें को पुरस्कार दिए।