चंदूमाजरा पांच साल में एक ऐसा काम बताएं जिससे हलके की नुहार बदली हो: मनीष तिवारी
रोपड़। श्री आनंदपुर साहिब से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी मनीष तिवारी ने चमकौर साहिब विधान सभा हलके के गांव कोटला निहंग में जनसभा को संबोधित किया और वोट की अपील की। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। वहीं अकाली दल के प्रत्याशी चंदूमाजरा के बारे में कहा कि चंदूमाजरा पांच साल में एक भी ऐसा काम बताएं, जिससे हलके की नुहार बदली है। उन्होंने चंदूमाजरा पर आरोप लगाया कि उन्होने आनंदपुर साहिब हलके में प्रयोग होने वाला फंड अपने विधायक बेटे के हलके में उसकी सियासी जड़े मजबूत करने में लगा दिया।मनीष तिवारी ने कहा कि भाजपा ने पांच साल में जुमलें छोड़ ओर झूूठ बोलकर राज किया है। उन्होंने कहा कि 15 लाख खातों में देने का वादा करने वाली भाजपा ने एक पंजी तक भी लोगों को नहीं दी। पांच साल में एक भी ऐसा युवा उन्हें नहीं मिला जिसे नौकरी मिली है, जबकि भाजपा ने युवाओं को रोजगार देने के वादे किये थे। किसानों की आय दोगुनी करने के दावे भी अभी खोखले साबित हुए हैं।