संगरूर की 14 ट्रक यूनियनों ने लगाया धरना
डीसी दफ्तर के सामने नारेबाजी, ट्रक यूनियन के पूर्व अध्यक्ष के हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर। ट्रक यूनियन के पूर्व अध्यक्ष और उसके साथी पर फायरिंग करने के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर मंगलवार को संगरूर की 14 ट्रक यूनियनों के ट्रक आपरेटरों ने जिलाध्यक्ष विपन शर्मा के नेतृत्व में डीसी दफ्तर के सामने धरना लगा दिया। साथ ही ऐलान किया गया कि यदि हमलावरों को गिरफ्तार करने के साथ टेंडरों में बाहरी व्यक्तियों की दखलंदाजी बंद न की गई तो मंडियों में से गेहूं के एक भी दाने की लोडिंग नहीं होने दी जाएगी।
इस मौके पर विपन शर्मा ने कहा कि मंडियों में गेहूं की लोडिंग के लिए ट्रक यूनियनों की तरफ से टेंडर डाले गए, जिसमें से कई टेंडर संगरूर टेंडर कमेटी ने खामियां बताकर रद्द कर दिए थे। इन टेंडरों में मिलीभगत करके फूड सप्लाई विभाग के डायरेक्टर और सचिव ने यह खामियां क्लियर करते हुए दोबारा टेंडर पास करने के आदेश दे दिए, जबकि यह गलत है। शैलर मालिकों और बाहरी व्यक्तियों के पास ट्रक भी नहीं हैं। इस धक्केशाही के खिलाफ यूनियन का एक वफद फूड सप्लाई के सचिव से मिला था लेकिन उनकी कोई बात नहीं सुनी गई। टेंडर यूनियन के पूर्व अध्यक्ष रणदीप मिंटू के नाम अलाट होने के कारण सुनाम के शैलर एसोसिएशन के अध्यक्ष रजनीश कांसल ने मिंटू को टेंडर वापस लेने के लिए कई बार धमकाया था और इसी के चलते सोमवार को रणदीप मिंटू और उसके साथी पर गोलियां चलाकर उन्हें घायल कर दिया। अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार न किया तो वह संघर्ष को तेज कर देंगे। इसके बाद यूनियन के पांच सदस्यीय वफद को डीसी घनश्याम थोरी ने भरोसा दिलाया कि बुधवार तक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष कुलविंदर सिंह लाली, गुरतेज सिंह झनेड़ी, मुख्तयार सिंह, मेजर सिंह, जगजीत सिंह और कुलविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में ट्रक ऑपरेटर मौजूद थे।
हमला करने वाले चार व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज
ट्रक यूनियन के पूर्व अध्यक्ष रणदीप सिंह मिंटू और उनके साथी करन सिंह को गोलियां मारने वाले चार व्यक्तियों के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज किया है। थाना सिटी के प्रभारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि संदीप सिंह के बयान पर पुलिस ने हमला करने के आरोपी अश्वनी कुमार, रजनीश कुमार समेत दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
--------------------
फोटो:16एसजीआरपी01:संगरूर में डीसी दफ्तर के सामने धरना देतेहुए ट्रक आपरेटर।
-------------------
इंसेट