नहर से मिली दिल्ली नंबर की कार, मालिक लापता
गोताखोरों ने निकाली बाहर, मोबाइल और आरसी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगढ़ साहिब। सरहिंद के पटियाला रोड स्थित गांव आदमपुर से गुजरती भाखड़ा नहर में मंगलवार को एक दिल्ली नंबर की कार सफेद सेंट्रो कार गोताखोरों ने निकाली है। कार का नंबर डीएल-2सी एडी 4248 है। कार किसकी है, कैसे नहर में आई इसका किसी को कुछ नहीं पता।
गोताखोर शंकर भारद्वाज ने बताया कि आज सुबह जैसे ही दिनचर्या दौरान उनके साथी चुंबक से नहर में सिक्के तलाश रहे थे । चुंबक नहर में गिरी सफेद रंग की सेंट्रो कार से जा चिपकी। नजदीक जाने पर कार होने का शक दूर हुआ। इसकी सूचना सरहिंद पुलिस को दी गई। पुलिस ने गोताखोरों की सहायता लेकर क्रेन की मदद से सेंट्रो कार को बाहर निकाल लिया। मौके पर पहुंचीं एएसपी डॉ रवजोत कौर गरेवाल ने बताया कि कार किस की है, यह जांच का विषय है। कार में कोी व्यक्ति नहीं मिला। कार के साथ संबंधित एक रजिस्ट्रेशन और मोबाइल फोन जरूर मिला है। एसएचओ गुरमीत सिंह ने बताया कि कार से मिली आरसी में कार के मालिक का नाम मनजीत सिंह दहिया निवासी मरेला दिल्ली की है। दिल्ली में संपर्क करने पर पता चला है कि मनजीत सिंह की अनाज मंडी दिल्ली में आढ़त की दुकान है। मनजीत गत 14 अक्तूबर को दिल्ली से लुधियाना सामान लेने के लिए गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।