राहगीरों से मोबाइल फोन छीनने वाले दो गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल और बाइक हुई बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। हथियारों के बल पर राहगीरों से फोन छीनने वाले दो आरोपियों को थाना टिब्बा की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को इलाके से ही गिरफ्तार किया है। आरोपियों से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है। पुलिस ने इस मामले में अटल नगर निवासी बलजीत सिंह और आनंदपुर के रहने वाले कमलजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार टिब्बा रोड की मायापुरी निवासी मोहम्मद नौशाद ने 24 जुलाई को शिकायत दी थी कि बाइक सवारों ने उसका मोबाइल फोन लूट लिया है। पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए, लेकिन कुछ पता नहीं चला। पुलिस के अनुसार पीड़ित नौशाद के बताए हुलिए के अनुसार स्केच तैयार किया गया और आरोपियों की पहचान कर दोनों को इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों को उस समय गिरफ्तार किया जब वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नौशाद से लूटा हुआ फोन भी बरामद कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी हुई है कि उन्होंने कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपियों के साथ उनके गिरोह में कितने लोग शामिल है।