200 गैलन पेट्रोल ट्रक में भरवाएंगे तो ही मिलेगी रोटी
कैलिफोर्निया के मैक्सिको में इंडियन पंप मालिक का पंजाबी ट्रक चालकों को फरमान
पंजाब के एक ट्रक चालक ने वीडियो जारी कर जताया विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। बेहतर भविष्य के लिए अमेरिका के कैलिफोर्निया में ट्रक ड्राइवरी करने पहुंचे ट्रक चालक ने एग्जिट मैक्सिको हाईवे पर स्थित एक इंडियन पेट्रोल पंप मालिक की ओर से पंजाब के ट्रक चालकों के लिए जारी फरमान का वीडियो वायरल कर विरोध जताया है। फरमान है कि अगर उसके पंप से कोई पंजाबी ट्रक चालक अपने ट्रक में 200 गैलन पेट्रोल भरवाएगा तो नि:शुल्क रोटी दी जाएगी, अन्यथा तेल न भरवाने की सूरत में उसे रुपये देकर भी रोटी नहीं दी जाएगी।
पंजाबी ट्रक चालक जसविंदर ने बताया कि एग्जिट मैक्सिको के हाईवे नंबर-40 पर स्थित साइनक्लीयर पेट्रोल पंप मालिक ने अपने कारिंदों को साफ तौर पर कहा है कि अगर कोई पंजाबी ट्रक चालक अपने ट्राले में पेट्रोल के 200 गैलन भरवाएगा तो उसे पंप के साथ वाले ढाबे से निशुल्क रोटी खाने को दी जाए। उसने बताया कि जब उसने पंप मालिक से बात करनी चाही तो उसने बात नहीं की। हालांकि ढाबे पर मौजूद कारिंदे ने यह कहते हुए रोटी देने से इंकार कर दिया कि उनके पंप मालिक का आदेश है कि बिना पेट्रोल भराए किसी ट्रक चालक को रोटी नहीं खिलाना। वह ऐसे में अपने पंप मालिक के आदेशों की उल्लंघना नहीं कर सकता। ट्रक चालक ने बताया कि वह छह घंटे का सफर करने के बाद रोटी खाने के लिए इस साइनक्लीयर पंप पर स्थित इंडियन ढाबे पर रुका था। जहां उसे रुपये देकर भी खाना नहीं दिया गया। उसने बताया कि पंप वालों ने शर्त रखी है कि अगर रुपये देकर भी रोटी खानी है तो उसके लिए भी कम से कम पचास गैलन पेट्रोल अपने ट्रक में डलवाना होगा ।
विरोध किया तो बोले, अंग्रेजों के दम पर चलता है ढाबा
पंजाब के ट्रक चालक युवक ने बताया कि जब उसने पंप पर स्थित ढाबे के कारिंदों से इस बारे में विरोध जताया तो उन्होंने उसे कहा कि उनका ढाबा अंग्रेजों के दम पर चलता है, न कि पंजाबी ट्रक चालकों से। पंजाबी युवक ने अपने सभी ट्रक चालकों के लिए एक वीडियो जारी कर अपील की है कि वह इस ढाबे पर रोटी खाने के लिए न रुकें।