हिंदुस्तान पेट्रोलियम डिपो में छापामारी
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। नापतौल विभाग चंडीगढ़ की एक टीम ने बुधवार को बठिंडा के गांव जस्सी पौ वाली में स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम डिपो में अचानक छापामारी की। चेकिंग करने पहुंचे विभाग के चीफ कंट्रोलर का कहना था कि पूरी चेकिंग के बाद ही वह कुछ बता पाएंगेे।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम डिपो जस्सी पौ वाली में पेट्रोल की सप्लाई को लेकर एक पंप रिटेलर ने नापतौल विभाग के पास शिकायत की थी। इसके आधार पर टीम चेकिंग करने डिपो में पहुंची और मेन सप्लाई की चेकिंग की। चीफ कंट्रोलर ने कहा कि यह रूटीन की चेकिंग है। उनका मकसद है कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सभी ग्राहकों को सही ढंग से पूरी सप्लाई मिले। जब उनसे उनका नाम पूछा गया तो उन्होंने चेकिंग में व्यस्त होने का कहकर फोन काट दिया। सूत्रों से पता चला है कि डिपो में पंप रिटेलरों से पेट्रोल की सप्लाई में गड़बड़ी की जा रही है। बठिंडा के एक पेट्रोल पंप संचालक ने विभाग से शिकायत की थी।