अकाली प्रत्याशी का कांग्रेसी पर हमले का आरोप
अकाली वर्करों ने चौकी बसंत पार्क के बाहर लगाया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
वार्ड नंबर 36 से अकाली-भाजपा उम्मीदवार जगबीर सिंह सोखी ने कांग्रेसी प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने हमला करने का आरोप लगाया है। सोखी पर हमला उस समय हुआ जब वह अपने कुछ साथियों के साथ इनोवा कार में सवार होकर चिमनी रोड से जा रहे थे। हमलावरों ने उनकी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया और उनके एक समर्थक अतुल को घायल कर दिया। । पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट न होकर सोखी समर्थकों ने पुलिस चौकी बसंत पार्क के बाहर धरना लगा दिया।
सूचना मिलने के बाद विधायक शरणजीत सिंह ढिल्लों भी वहां पहुंच गए। पुलिस के साथ भी अकाली नेताओं की कहासुनी हुई। पुलिस ने उन्हें समझाने और आकर बात करने के लिए कहा। प्रदर्शनकारी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। सोखी ने इस हमले के लिए पुलिस के पास लिखित शिकायत दे दी है।
पुलिस को दी गई जगबीर सिंह सोखीकी शिकायत के मुताबिक शुक्रवार की शाम को अपने साथी इकबाल शैरी, अतुल गोना और अन्य के साथ किसी काम से जा रहे थे। चिम्मनी रोड पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रिंस जोहर, उनके भाई और अन्य समर्थकों ने गाड़ी घेर ली और हमला कर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। सोखी ने कहा कि जब उनका साथी अतुल उन्हें बचाने के लिए आगे आया तो हमलावरों ने उउसे घायल कर दिया। सोखी ने आरोप लगाया कि पुलिस उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रही बल्कि कांग्रेसियों का साथ दे रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस भी कांग्रेसियों के साथ मिल धक्केशाही कर रही है। कांग्रेसी उम्मीदवार प्रिंस जोहर ने कहा कि उनका और उनके भाई व समर्थकों का इस झगड़े से कोई लेना देना नहीं है। अकाली उम्मीदवार और उनके साथी लोगों को गुमराह कर रहे है। वह अपना हार को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे है और उन पर गलत आरोप लगा रहे है।