गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश उत्सव पर समारोह आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश उत्सव के शुभ अवसर पर सतीश चंद्र धवन सरकारी कॉलेज लुधियाना में एक सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गुरुबाणी के उत्कृष्ट कोटि के जानकार डॉ. सरबजीत सिंह और प्रोफेसर बलविंदर पाल सिंह प्रमुख वक्ता रहे। मुख्य वक्ताओं का स्वागत प्राचार्य डॉ. धर्म सिंह संधू द्वारा पुष्पगुच्छ के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से विद्यार्थियों को न सिर्फ अपनी समृद्ध गुरु परंपरा का ज्ञान होता है बल्कि गुरुओं द्वारा दी गई अनमोल शिक्षा की प्राप्ति होती है। डॉ. सरबजीत सिंह ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को आधार बनाया। उन्होंने कहा कि ऐसे शताब्दी-आयोजन ही ऐसे अवसर देते हैं जिसमें लोगों को शिक्षाप्रद ज्ञान परंपरा से जुड़ने का मौका मिलता है। प्रो. बलविंदर पाल सिंह ने कहा कि आज के समय में कौशल कला से ही वास्तविक रूप में कुछ हासिल किया जा सकता है, सिर्फ सैद्धांतिक ज्ञान से नहीं। उन्होंने गुरु साहिब की बाणियों से तीन मुख्य विषय रखे- प्यार, दया और विचार। इन तीनों पर उन्होंने विस्तृत चर्चा की। पंजाबी विभाग की प्राध्यापिका प्रो. हरजाप कौर ने मंच संचालन की भूमिका निभाई। इस अवसर पर पंजाबी विभाग के सभी प्राध्यापक एवं भाषा- विभागों के सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।