एसडीएम दफ्तर पर आप ने किया प्रदर्शन
बम ब्लास्ट के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करे पुलिस सुखपाल खैरा
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
मौड बम ब्लास्ट के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा में विपक्ष नेता सुखपाल सिंह खैरा की अगुुवाई में एसडीएम कार्यालय के आगे चार घंटे के करीब धरना दिया । धरने में विधायक बलजिंदर कौर तलवंडी, रूपिंदर कौर रूबी बठिंडा देहाती, मौड़ मंडी के विधायक जगदेव कमालू ने भी शिरकत की । इसके अलावा मौड बम कांड संघर्ष कमेटी के लोगों व पीडित परिवारों के अलावा मंडी के अन्य लोग धरने में शामिल हुए ।
खैरा ने कहा कि बम कांड की निष्पक्ष जांच हो जाए तो साफ तौर पर किसी न किसी राजनेता का हाथ सामने आएगा । इस लिए पंजाब पुलिस भी राजनीतिक दबाव के चलते निष्पक्ष जांच करने में असमर्थ है। खैरा ने आरोप लगाया कि सरकार मौड़ बम कांड और बहबल कलां गोली कांड को ठंडे बस्ते में डालने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व अकालियों से लोगों की भलाई संबंधी उमीद किए जाना ही गलत है। कहा कि मौड व बहबल कलां कांड की उच्चस्तरीय जांच की जाए तो दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा । दोनों मामलों में किसी न किसी राजनीतिक व्यक्ति का हाथ है।
तलवंडी साबो से विधायक बलजिंदर कौर ने कहा कि मौड बम कांड की तारें डेरा सिरसा से जुड़ने से सरकार की ओर से कोई टिप्पणी न देना और जांच को धीरे करना मामले को संदेहजनक बनाता है, जिस की सीबीआई जांच होना अति जरूरी है। मौड मंडी से आप विधायक जगदेव सिंह ने कहा कि उक्त कांड की जांच की जाए कि किस व्यक्ति ने राजनीतिक फायदा लेने के लिए बम कांड करवाया है। धरने के बाद मौड़ बम कांड संघर्ष कमेटी के गुरमेल सिह, नवीन स्टार, जीत इंदर सिंह, सुुशील कुमार, जशन कुमार ने पीडित परिवारों के साथ मांग पत्र खैरा को सौंपा। खैरा ने आश्वासन दिया कि वह उनकी मांगें विधान सभा में उठाएंगे।