कांग्रेसी नेत्री की फिसली जुबान, भगवंत मान के लिए मांगे वोट
बरनाला। विधानसभा हलका महलकलां की पूर्व विधायक और कांग्रेस नेत्री बीबी हरचंद कौर घनौरी लोकसभा हलका संगरूर से प्रत्याशी केवल सिंह ढिल्लों के लिए छीनीवालकलां में चुनाव प्रचार कर रही थीं। इस दौरान उनकी जुबान फिसल गई और केवल सिंह ढिल्लों के लिए वोट मांगने के बजाय भगवंत मान को वोट देने के लिए कह बैठीं। इतने में लोग भाषण पर हंसने लगे तो बीबी घनौरी भड़कते हुए लोगों से बोलीं इसमें हंसने वाली क्या बात है, कई बार गलती हो जाती है। फिर कहा कि भगवंत मान को नहीं केवल ढिल्लों को वोट दीजिए। इस घटना का वीडियो विरोधी पार्टियों ने सोशल मीडिया पर डाल दिया। केवल ढिल्लों के पक्ष में प्रचार कर रही पूर्व विधायक बीबी हरचंद कौर घनौरी ने अपनी फिसली जुबान को लेकर सोशल मीडिया पर अपना स्पष्टीकरण देने के लिए बनाई वीडियो में लोगों से माफी मांगी और केवल ढिल्लों के पक्ष में वोट देने की अपील की।