मोदी और प्रो.चंदूमाजरा के पोस्टर व होर्डिंग्स हटाने पर गरमाई सियासत
नंगल। भारतीय जनता पार्टी के नंगल मंडल अध्यक्ष राजेश चौधरी ने जिला व स्थानीय प्रशासन पर कथित तौर पर सत्ता पक्ष के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करने की बात कही है। पत्रकारों से बात करते राजेश चौधरी ने कहा कि संसदीय क्षेत्र श्री आनंदपुर साहिब के तहत विभिन्न क्षेत्रों में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अकाली-भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा के लगाए जा रहे पोस्टर व होर्डिंग्स प्रशासन द्वारा उतार दिए गए। जबकि कांग्रेस पार्टी के फ्लैक्स व पोस्टर सरेआम देखे जा सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से विपक्षी पार्टियों के साथ सौतेला व्यवहार न करने की मांग करते हुए कहा कि यहां भी सार्वजनिक स्थलों पर कांग्रेस के पोस्टर, झंडे व फ्लैक्स बोर्ड लगे हैं, उसे चुनावों से पहले पहले उतारा जाए।