निगम की बैठक में कांग्रेस की आपसी गुटबाजी हावी
कांग्रेसी विधायक तलवार, पांडे और डाबर ने टारगेट पर रखा अपना मेयर
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। जिला कांग्रेस में गुटबाजी किस कदर बढ़ती जा रही है, इसका नजारा सोमवार को नगर निगम जनरल हाउस की बैठक में सबने देखा। कांग्रेसी विधायक संजय तलवार, राकेश पांडे और सुरिंदर डाबर ने मेयर को अपने टारगेट पर रखा। विधायक संजय तलवार ने अपने हलके पूर्वी में विकास कार्य में रुकावट डालने के लिए भरे हाउस में मेयर को जिम्मेदार ठहरा दिया। विधायक संजय तलवार ने मेयर पर एक के बाद एक आरोपों की झड़ी लगा दी।
इसके बाद मंत्री भारत भूषण आशु की पत्नी ममता आशु अपने साथी काउंसिलरों को साथ लेकर मेयर के पक्ष में आ गई। सभी में विधायक तलवार को कहा कि वह इस तरह हाउस में मेयर को बेइज्जत नहीं कर सकते है। सिर्फ अपने हलके की बात क्यों कर रहे हैं, उन्हें पूरे शहर की बात करनी चाहिए। इसके बाद मामला शांत हुआ।
विधायक संजय तलवार ने हाउस के सामने कहा कि सीवरेज की समस्या को देखते उन्होंने राहो रोड पर दो डाइंग का सीवरेज कनेक्शन कटवा दिया था लेकिन दो दिन बाद ही निगम अफसरों ने उनके कनेक्शन बहाल कर दिए। इस संबंध में निगम अफसरों से पूछा गया तो उनका एक ही जवाब था कि मेयर के कहने पर किया गया। सभी पार्षदों ने कहा कि उक्त अफसर को हाउस में सबके सामने पूछा जाए। जैसे ही ओएंडएम सैल का अफसर माइक पर बोलने के लिए पहुंचा, तो काउंसिलर सन्नी भल्ला ने उन्हें बैठा दिया।
हाउस बैठक में पहुंचे राकेश पांडे ने शहर में लग रही एलईडी लाइट्स पर मेयर को आश्वासन नहीं, जवाब देने के लिए कहा। मेयर को साफ कहा कि एफएंडसीसी कमेटी का कोरम पूरा करें, अन्यथा विधायक साथ बैठेंगे। अधूरा एजेंडा किसी हालत में पास नहीं होगा। इस पर निगम कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़ ने जवाब दिया कि एलईडी लाइट्स का काम जल्दी से पूरा करवाया जाएगा। विधायक पांडे ने घुमार मंडी और चौड़ा बाजार को नो व्हीकल जोन बनाकर वहां पर ई रिक्शा चलाने का प्रस्ताव रखा।
माली हालत सुधारने को जमीन बेचेगा निगम
खजाने की कड़की को मिटाने के लिए नगर निगम अपनी जमीन को बेचेगा। बैठक में इसका प्रस्ताव रखा गया। जमीन का रेट तय करने के लिए मेयर बलकार संधू ने कमेटी गठित करने का फैसला लिया है। इस कमेटी का फैसला आने के बाद सरकारी जमीन को बोली पर बेचा जाएगा।
मुंह पर पट्टी बांध बैठी रहीं भाजपा पार्षद
बैठक में वार्ड नंबर 31 से भाजपा पार्षद सोनिया शर्मा मुंह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताने पहुंची। उनके साथियों ने बताया शर्मा ने अपने वार्ड में दूषित पेयजल सप्लाई के अलावा विकास कार्य नहीं होने पर यह फैसला लिया है। वह बैठक में कोई बात नहीं रखेंगी। सोनिया शर्मा ने मेयर को अपने वार्ड में सप्लाई हो रहे दूषित पेयजल का नमूना दिया। मेयर और कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि उनके वार्ड की समस्याओं को जल्द दूर किया जाएगा।
कोट
हाउस बैठक में लगभग 46 प्रस्ताव को रखा गया था, इसमें 40 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हो गए है। बाकी 6 प्रस्ताव को पेंडिंग हैं। इसमें कुछ प्रस्ताव पर कमेटी बनाई गई है। कमेटी का फैसला आने पर आगे कार्रवाई होगी। - बलकार संधू, मेयर