शिअद 20 को घेरेगी विधानसभा: सुखबीर
कहा, खजाना खाली होने बहाना बनाकर सूबे को पीछे धकेल रही कैप्टन सरकार
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को विधानसभा घेरने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि शिअद सरकार ने अपने दस वर्ष के शासन में कभी भी ऐसा नहीं कहा कि खजाना खाली है। कैप्टन सरकार खजाना खाली होने का बहाना बनाकर राज्य को हर क्षेत्र में पीछे की धकेल रहे हैं। बादल सोमवार को लहरागागा में शिअद-भाजपा की तरफ से आयोजित पोल खोल रैली दौरान संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि खजाना खाली होने का बहाना बनाकर कैप्टन सरकार लोगों को मिलने वाली सुविधाएं छीन रही है। उन्होंने दावा करते कहा कि कैप्टन कुर्सी छोड़ दें. वह दो महीनों में खजाना भर देंगे और लोगों को फिर से सहूलतें देनी शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले कैप्टन सरकार ने जो वादे किए थे, वह अब पूरे नहीं किए जा रहे हैं, वादे पूरे करवाने और लोगों को सुविधाएं दिलाने के लिए बीस मार्च को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल पर बरसते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि उसकी सोच हमेशा से लोगों से सुविधाएं छीनकर उन पर टैक्स थोपने की रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिअद किसानों के ट्यूबवेलों पर बिजली के मीटर नहीं लगने देगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा पंजाब और सिखों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि गुंडा टैक्स कांग्रेस की देन है और राज्य में नाजायज माइनिंग में कांग्रेसियों का हाथ है।
शिअद के महासचिव सुखदेव सिंह ढींढसा ने कहा कि किसानों का कर्ज माफ करने के दावे करने वाली कैप्टन सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में चार सौ किसानों ने खुदकुशी की है। कांग्रेस सरकार लोगों से झूठे वादे करके सत्ता में आई है और किसानों का कर्ज माफी का वादा करके उनसे भद्दा मजाक किया ह, जिसका जवाब जनता समय आने पर इसे जरूर देगी। इस मौके पर पूर्व मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया, हलका लहराके विधायक परमिंदर सिंह ढींडसा,एसजीपीसी अध्यक्ष गोबिंद सिंह लौंगोवाल, पूर्व विधायकप्रकाश चंद गर्ग, इकबाल सिंह झुंदा मौजूद थे।