मतगणना केंद्र में प्रत्याशी से उलझा एएसआई
पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर साइड होने का किया आग्रह
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
भारत नगर चौक स्थित सरकारी गर्वनमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स में बनाए गए मतगणना केंद्र में वार्ड नंबर आठ के भाजपा प्रत्याशी चौधरी यशपाल से एक एएसआई का विवाद हो गया। विवाद की वजह प्रत्याशी की बाजू पकड़कर साइड करना रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों ने बीच में प्रत्याशी से साइड में होने का आग्रह किया।
भारत नगर चौक स्थित सरकारी गर्वनमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स में वार्ड नंबर 8, 20, 51, 52, 53, 54, 55, 56, 57, 58, 63 की गिनती थी। उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ सुबह आठ बजे की कॉलेज के बाहर पहुंच गए थे। मतों की गिरनती करीब सवा नौ बजे शुरू हुई थी। पुलिस ने काउंटिंग हाल के बाहर किसी को खड़े नहीं होने दिया। उसके अलावा काउंटिंग हाल से कुछ दूरी पर रस्सियां लगा दी गईं, उससे आगे किसी भी समर्थक को नहीं आने दिया गया।
इस दौरान एक एएसआई वार्ड नंबर 8 से भाजपा के उम्मीदवार चौधरी यशपाल की बाजू पकड़ साइड उन्हें साइड करने लगा। इस पर दोनों के बीच बहस होने लगी। एसीपी मनदीप सिंह और इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह ने आकर प्रत्याशी समझाबुझा कर साइड पर जाने की आग्रह किया। इसके बाद मामला शांत हो गया। परिणाम आने पर जीत हासिल करने वालों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वहीं हारे उम्मीदवार मुंह लटकाए जाते नजर आए। करीब डेढ़ बजे तक यहां सभी वार्डों के परिणाम घोषित कर दिए गए। यहां कुल 11 वार्डों के के मतों की गिनती हुई। इनमें से कांग्रेस को 7, भाजपा 2, शिअद 1 को सीटें मिली।
समर्थकों ने ब्लाक की रोड, वाहनों की कतारें लगीं
लुधियाना। चुनाव परिणाम आते जीते उम्मीदवारों के समर्थकों में जोश भर गया। अपने उम्मीदवार का स्वागत करने के लिए सैकड़ों की तादाद में समर्थक कॉलेज के बाहर इकट्ठा हो गए। उम्मीदवार जीत के प्रमाणपत्र लेकर बाहर आ रहे थे और समर्थक स्वागत के लिए उन्हें गोद में उठा कर रोड पर ला रहे थे। ऐसा करने से रोड पूरी ब्लाक हो गई। इससे भारत नगर चौक से आने वाले वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। हालांकि कॉलेज के बाहर ट्रैफिक मुलाजिम तैनात थे। वह जाम लगने से रोक नहीं सके। काफी समय तक भारत नगर चौक से कॉलेज तक जाम लगा रहा।