गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए स्ट्रांग रूम के बाहर बैठे समर्थक
कई पार्टियों के समर्थक गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स में बने स्ट्रांग रूम के बाहर बैठे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। नगर निगम के 95 वार्डों के लिए शनिवार को हुए मतदान के दौरान कई जगहों पर हिंसक मारपीट हुई। इस दौरान कई जगहों पर पत्थर चले तो कई जगह पर बोगस वोट को लेकर पंगा हुआ। शिरोमणि अकाली दल, भारतीय जनता पार्टी, लोक इंसाफ पार्टी और आम आदमी पार्टी के साथ साथ आजाद प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरे उम्मीदवारों और नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर धक्केशाही के आरोप लगाए। शनिवार को कई जगह पर हुई गड़बड़ी के लिए भी नेताओं ने कांग्रेस सरकार की धक्केशाही बताई। नेताओं ने यह भी आरोप लगाया था कि नगर निगम चुनाव के तीन दिन बाद मतगणना ही सबसे बड़ा घपला है। सरकार हेराफेरी कर चुनाव जीतना चाहती है। कांग्रेस सरकार द्वारा गड़बड़ी की आशंका को लेकर कई पार्टियों के नेता और समर्थक स्ट्रांग रूम के बाहर बैठे है। वह दिन रात वहीं रह रहे है ताकि किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो। वह सीसीटीवी कैमरे के जरिये स्ट्रांग रुम की देखरेख कर रहे है।
गर्वन्मेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। शनिवार को कई जगहों पर हुई धक्केशाही को देखते हुए प्रत्याशियों ने स्ट्रांग रूम में पंजाब पुलिस के कड़े पहरे में भी ईवीएम मशीनों को सुर क्षित नही बताया है। जिस के चलते कई प्रत्याशी और कई पार्टियों के समर्थक ईवीएम के बाहर ही डेरा जमा कर बैठ गए है। वार्ड नंबर 56 से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दविंदर जग्गी के समर्थक स्ट्रांग रूम के बाहर डेरा जमा कर बैठे है। उन्होंने कहा कि वह अपने प्रत्याशी के लिए चौबीस घंटे तब तक बैठेंगे जब तक मतगणना नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पर पूरा भरोसा है कि वह ईवीएम से छेड़छाड़ करवा सकते है। इसी वार्ड से लोक इंसाफ पार्टी के प्रत्याशी युवराज मल्होत्रा साबू खुद चुनाव के बाद से वहां बैठे हुए है। वह रात को भी समर्थकों के साथ वहां बैठे रहे जबकि सुबह भी उनके साथी वहां बैठे रहे। युवराज मल्होत्रा साबू ने बताया कि शनिवार को कांग्रेस की धक्केशाही को देख कर वह यहां बैठे है। उन्हें आशंका है कि ईवीएम के साथ भी छेड़छाड़ की जा सकती है।