डीईओ कार्यालय में एससी-बीसी अध्यापकों का धरना
46 अध्यापकों को पदोन्नति करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर।
एससी/बीसी अध्यापक यूनियन की ओर से वीरवार को डीईओ कार्यालय में धरना लगाकर नारेबाजी की गई। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गुरसेवक सिंह कलेर ने की। यूनियन नेता बलजीत सिंह और कुलवंत सिंह ने कहा कि बीते समय डीईओ कार्यालय की ओर से जेबीटी, ईटीटी से हेड टीचरों की पदोन्नतियां की गई थीं। इसमें सरकार की रिजर्वेशन को किनारे कर अनुसूचित वर्ग के 46 अध्यापकों को पदोन्नति से वंचित कर दिया गया था। इसे लेकर जत्थेबंदी ने नेशनल अनुसूचित जाति आयोग चंडीगढ़ के पास अपील की थी।
इसका फैसला सुनाते हुए आयोग ने बीती 11 जुलाई को जिला शिक्षा अधिकारी संगरूर को उक्त वर्ग के 46 पदों को 15 दिनों में भरने के आदेश जारी किए थे। वहीं एक माह बीतने के बाद भी जिला शिक्षा अधिकारी ने इस पर कार्रवाई नहीं की। इस वजह से अध्यापकों में रोष है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अध्यापकों को बनती पदोन्नतियां नहीं दी गई तो वे संघर्ष को तेज कर देंगे।
इस दौरान जत्थेबंदी के पूर्व अध्यक्ष गुरमेल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण सिंह, नरिंदर सिंह, शमशेर सिंह, गोबिंद सिंह, बहादुर सिंह, जसविंदर सिंह, भुपिंदर सिंह, कंवलजीत सिंह, सुखविंदर सिंह, हरजिंदर सिंह, परमजीत सिंह, चरणजीत सिंह, भिंदर सिंह, कुलविंदर सिंह और तेजिंदर सिंह भी मौजूद थे।
फोटो: संगरूर में डीईओ दफ्तर में धरना देते अध्यापक।