संगरूर। अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहीं आंगनबाड़ी वर्करों का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। आल पंजाब आंगनबाड़ी यूनियन की तरफ से शिंदर कौर और गुरमेल कौर बिंजोकी के नेतृत्व में वर्करों ने शहर के बस स्टैंड के दोनों गेट बंद कर दिए। इसके बाद लाल बत्ती चौक में दो घंटे तक जाम लगाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इससे पहले प्रदर्शनकारी कैबिनेट मंत्री विजयइंद्र सिंगला को मांगपत्र देने गईं थीं लेकिन उनके न मिलने से वह भड़क गईं।
यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष उषा रानी ने कहा कि कैप्टन सरकार ने आंगनबाड़ी वर्करों व हेल्परों को खुद तो क्या देना था केंद्र सरकार की ओर से बढ़ाए मानदेय में भी अपना बनता 40 फीसदी हिस्सा नहीं पाया। ऐसे में राज्य की 54 हजार वर्करों-हेल्परों में कैप्टन सरकार के प्रति रोष है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने उनके बनते पूरे पैसे जल्द नहीं दिए तो संघर्ष को तेज किया जाएगा। साथ ही चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशियों का डटकर विरोध किया जाएगा। मौके पर ज्ञापन लेने पहुंचे तहसीलदार को उन्होंने ज्ञापन देने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद एसडीएम अविकेश गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर आंगनबाड़ी वर्करों को भरोसा दिलाया कि वह उनकी मांगों संबंधी ज्ञापन कैबिनेट मंत्री तक पहुंचा देंगे। इसके बाद आंगनबाड़ी मुलाजिमों ने धरना समाप्त कर दिया। मौके पर शकुंतला, जसविंदर सुनाम, छत्तरपाल कौर, बलविंदर कौर, मनदीप कौर, सरबजीत कौर, सुरिंदर कौर, गुरविंदर कौर, कमलजीत कौर, हरपाल कौर, मनजीत कौर और परमजीत कौर मौजूद थीं।