‘पढ़ो पंजाब-पढ़ाओ पंजाब’ के खिलाफ शिक्षकों ने किया प्रदर्शन
नंगल। ‘पढ़ो पंजाब-पढ़ाओ पंजाब’ मुहिम को बंद करने और शिक्षा विभाग के सचिव कृष्ण कुमार को पद मुक्त करने की मांग को लेकर ब्लॉक नंगल के अधीन पड़ते स्कूलों के शिक्षकों ने शनिवार को ब्लॉक प्राइमरी शिक्षा अधिकारी के कार्यालय के समक्ष जमकर रोष प्रदर्शन करते हुए शिक्षा विभाग का पुतला फूूंका गया।
इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी स्कूलों में पढ़ो पंजाब पढ़ाओ पंजाब मुहिम को कामयाब करने की दुहाई देने वाले अधिकारी कृष्ण कुमार बताए कि अभी तक विद्यार्थियों को मिलने वाली स्कूल ड्रेसेज और वजीफे क्यों जारी नहीं किए। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से शिक्षकों को सीईआरटी द्वारा भेजा पाठ्यक्रम करवाने की जगह ‘पढ़ो पंजाब पढ़ाओ पंजाब’ में ही उलझा कर रख दिया है। इस मौके पर अजमेर सिंह, अमरजीत सिंह, त्रिलोचन सिंह भट्टी, युधवीर, मदन कुमार, अमरीक सिंह, तरसेम सिंह, कुलविंदर कौर, सतिंदर कौर, अंजलि, जतिंदर सिंह, इंद्रजीत और प्रमोद इत्यादि उपस्थित थे।