ठंडी हवाओं के साथ तेज बारिश ने बढ़ाई ठंड
बठिंडा में रिकॉर्ड की गई 2.2 एमएम बारिश
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
रविवार देर रात हुई तेज बारिश ने लोगों को एक बार फिर से ठंड का एहसास करवा दिया। बीते दिनों से लगातार निकल रही धूप से लोगों ने ठंड को भुला दिया था, लेकिन रात को बारिश और सर्द हवाओं ने ठंड को बढ़ा दिया। इस वजह से सोमवार को भी तापमान लुढ़का रहा और दिनभर ठंडी हवा रुक-रुक कर चलती रही।
मौसम विभाग के अधिकारी सुरिंदर पाल सिंह ने बताया कि 2.2 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 10.5 और अधिकतम 19 डिग्री दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आगामी एक-दो दिनों तक बारिश और आने की संभावना है। इसके अलावा बारिश के साथ-साथ ठंडी हवाएं भी चलेंगी। वहीं मौसम ठंडा होने से कई लोग बुखार की चपेट में आ गए। इसके चलते सिविल अस्पताल में सोमवार को लोगों की पहले से ज्यादा भीड़ रही। साथ ही बारिश से किसानों के चेहरों पर रौनक छा गई। किसान रजिंदर सिंह ने बताया कि जितनी ठंडक गेहूं की फसल को मिलेगी उतना ही ज्यादा झाड़ किसानों को फसल से प्राप्त होगा। इस वजह से चलते किसानों को इससे ज्यादा आमदन हो सकती है। किसान ने कहा कि इस तरह से दो से तीन बार अगर और बारिश हो जाए तो गेहूं की फसल की अच्छी पैदावार होगी।