प्रीति ने नेशनल में झटके 2 पदक
श्री बाला जी प्रेम आश्रम व निखिल विद्यालय की बच्ची ने किया कमाल
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। भारत सरकार की तरफ से खेलो इंडिया नेशनल स्पेशल गेम्स का आयोजन गुजरात स्थित अहमदाबाद में 4 से 9 जुलाई तक हुआ, जिसमें जिले के बच्चों ने कमाल का प्रदर्शन कर वाहवाही पाई। इसमें निर्दोष स्कूल के इकशित शर्मा ने 2 पदक, श्री बाला जी प्रेम आश्रम व निखिल विद्यालय की प्रीति ने 2 पदक, सर्व शिक्षा अभियान के तहत महक और सन्नी ने 1-1 पदक अपने नाम किया। शहर लौटने पर खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय कोच, स्कूल सदस्यों व भगवान को दिया।
ठाकुर कालोनी, पक्खोवाल रोड स्थित श्री बाला जी प्रेम आश्रम और निखिल विद्यालय से संबंधित प्रीति ने मुकाबले में 100 मीटर रेस और शॉटपुट मुकाबले दोनों में दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया। कोच गुरप्रीत कौर से ट्रेनिंग लेने वाली प्रीति आश्रम के सदस्यों की सहायता से अपने सपने साकार करने में जुटी है। उसकी सफलता पर आश्रम के प्रमुख बाबा कुलवंत भल्ला, सुनील भल्ला ने उन्हें बधाई दी। उनका मकसद आश्रम में रहते बच्चों का मार्गदर्शन करना है, ताकि वह सही रास्ते पर चलकर भलाई के कार्यों में अपना जीवन व्यतीत करें।
डेढ़ साल से ले रही ट्रेनिंग
प्रीति आश्रम में कोच गुरप्रीत कौर से पिछले करीब डेढ़ साल से ट्रेनिंग ले रही हैं। आश्रम सदस्यों ने बताया कि जिन बच्चों का कोई सहारा नहीं होता, उन बच्चों को आश्रम के जरिए हर सहायता मिलती है, ताकि बच्चों का जीवन संवर सके। इसमें अनाथ, मेंटली चैलेंज्ड, दिव्यांग बच्चे शामिल हैं।
जिले व राज्य में भी किया कमाल का प्रदर्शन:
प्रीति ने नैशनल से पहले जिला व राज्य स्तर पर हुई खेलो इंडिया स्पैशल गेम्ज में भी कमाल का प्रदशज्न कर मैडल जीता। जबकि आश्रम के करीब 8 बच्चों ने जिला स्तर पर हिस्सा लेकर 6 सोने, 4 रजत और 2 कांस्य जीते। जबकि राज्य स्तर पर 4 बच्चों ने भाग लेकर 2 सोने, 1 रजत और 2 कांस्य पदक पाए।
सर्व शिक्षा अभियान के तले बच्चों ने जीते 2 मैडल:
सर्व शिक्षा अभियान(एस.एस.ए.) के अंतर्गत पढने वाले स्पैशल बच्चों में सनी ने बौची गेम में रजत पदक और महक ने बेडमिंटन में कांस्य पदक हासिल किया। जिनकी सफलता पर एसएसए सदस्यों ने उन्हें बधाई दी।