फतेहगढ़ साहिब में धुंध में टकराए 27 वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगढ़ साहिब। नेशनल हाईवे माधोपुर चौक के पास बुधवार को घनी धुंध के कारण सुबह आठ बजे करीब 27 वाहन आपस में टकरा गए। हादसे अंबाला-लुधियाना मार्ग पर हुए। हादसे के कारण ढाई घंटे के करीब नेशनल हाईवे पर जाम लगा रहा। कोई जानी नुकसान होने से बचाव हो गया। हादसे में जख्मी लोगों ने बताया कि एक ट्रक नेशनल रोड से स्लिप रोड पर जाने लगा था लेकिन धुंध के कारण चालक को रास्ता नहीं दिखा। ट्रक पुल की रेलिंग से टकरा गया। इसके बाद उसके पीछे आ रहीं बाकी गाड़ियां एक दूसरे से टकरातीं चली गई।
अंबाला से सरहिंद की तरफ आते समय एक इनोवा कार साधूगढ़ में स्लिप रोड पर उतरने लगी तो सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन के साथ टकरा गई। इनोवा कार सड़क पर रुकने से बाकी गाड़ियां उसके पीछे टकराती गईं। दोनों तरफ हादसे के कारण यातायात बंद हो गया। पुलिस और नेशनल हाईवे अथारिटी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद के साथ वाहनों को साइड कर करीब ढाई घंटे बाद नेशनल रोड पर यातायात बहाल करवाया। थाना सरहिंद एसएचओ गुरमीत सिंह ने बताया कि यह हादसा गहरी धुंध के कारण घटा है। पुलिस की तरफ से जख्मियों के बयान लिए जा रहे हैं।
फोटो कैप्शन-26जीबीजीपी04-सरहिंद फतेहगढ़ के माधोपुर चौक के पास धुंध के कारण ट्रक में टकराया ट्रक।