सूबे का इतिहास मिटाने की फिराक में सरकार: सुखबीर
शिअद अध्यक्ष ने लगाया कैप्टन सरकार पर सिलेबस में छेड़छाड़ करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने रविवार को कहा कि कैप्टन सरकार ने सिलेबस में छेड़छाड़ कर पंजाब का गौरवमई इतिहास मिटाने का प्रयास किया है। बादल ने आरोप लगाया कि कैप्टन सरकार पंजाब का इतिहास मिटाने की फिराक में है। कैप्टन सरकार ने समय रहते अपनी गलती नहीं सुधारी न किया तो सिख कौम व सूबे के लोगों का गुस्सा इतना फूट जाएगा कि संभलेगा नही ।
रविवार को पार्टी वर्करों व नेताओं के साथ मिलने पहुंचे सुखबीर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। पूर्व डिप्टी सीएम ने मांग करते हुए कहा कि कैप्टन सरकार पहले वाला इतिहास ही लागू करें। उन्होंने कहा कि इतिहास बदलने के रोष पर अकाली दल ने ग्यारह मई को आपात बैठक बुलाई है, जि में अगली रणनीति तय की जाएगी । कैप्टन सरकार ने 22 चैप्टर के सिलेबस को 06 चैप्टर का करके बडे़ स्तर पर इतिहास से छेड़छाड़ की है। बादल ने बताया कि दस मई को नई बनी बठिंडा चंडीगढ़ फोर लेन रोड का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। गडकरी ने सड़कों को फोरलेन कर पंजाब वासियों के साथ किया वादा पूरा किया है।
शाहकोट उपचुनाव में कांग्रेस उमीदवार लाडी शेरोवालिया पर दर्ज अवैध खनन मामले पर पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि सूबे में सरकार नाम की कोई चीज ही नही है । बादल ने आरोप लगाया कि जब मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने खुद ही सैंड माफिया के किंग को अपनी पार्टी का उम्मीदवार बना दिया है तो अकाली दल को ज्यादा कुछ बताने की जरूरत नहीं। इससे कांग्रेस सरकार का चेहरा सूबे के लोगों में अपने आप ही बेनकाब हो गया है। बादल ने चुनाव आयोग से मांग करते हुए कहा कि शाहकोट उपचुनाव में सेंट्रल फोर्स की तैनाती की जाए, क्यों कि पंजाब की फोर्स तैनात होने के बावजूद कैप्टन सरकार धक्केशाही से उपचुनाव जीतने का प्रयास करेगी। बादल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार की तो जमानत ही जब्त हो जाएगी । इस मौके पर बठिंडा शहरी से पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला, नगर निगम के मेयर बलवंत राय नाथ, मीडिया सचिव डाक्टर ओम प्रकाश शर्मा, अकाली नेता मिढूखेडा उपस्थित थे ।