दस के नए नोट पर दी जा शराब और राशन
लिप उम्मीदवार युवराज मल्होत्रा पर लगा आरोप, वीडियो वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
नगर निगम चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रत्याशी हर हथकंडे को अपना रहे है। प्रत्यात्शी वोटरों को लुभाने के लिए तरह तरह के लालच दिए जा रहे है। कोई शराब बांट रहा है तो कोई राशन बांट रहा है। कोई कंबल बांट रहा तो कोई पैक लिफाफे घर पहुंचा रहा है। कांग्रेस प्रत्याशियों पर तो पुलिस की तरफ से धक्केशाही कराने के आरोप लग रहे है। अब आरोप लगा है कि लोक इंसाफ पार्टी के वार्ड नंबर 56 से प्रत्याशी युवराज मल्होत्रा साबू के दफ्तर से दस रुपये का नोट बांटा जा रहा ह, जिसके जरिये ठेके से शराब की बोतल और अलग-अलग दुकानों पर राशन दिया जा रहा है।
वायरल हुए वीडियों में नजर आ रहा है कि कैसे लिप उम्मीदवार के दफ्तर से मिला दस रुपये का नोट के साथ शराब के ठेके का कारिंदा शराब की बोतल दे रहा है। वीडियो में नोट हासिल करने वाला नौजवान बाबा थान सिंह चौक के पास स्थित शराब के ठेके पर जाता है। वहां वह पहले दस रुपये का गलत नोट ठेके के कारिंदे को देता है और ठेके का कारिंदा उस नोट की सीरीज नंबर को मिलाता है। नोट पर गलत नंबर देख वापस दे दिया जाता है। फिर युवक उसे उसी सीरीज का नोट थमाता है, जिससे शराब मिलती है। ठेके का कारिंदा उस नोट के नंबर को कापी पर लिखे नंबर से मिलाता है और उसे इंपीरियल ब्लू शराब की बोतल दे देता है। इसी तरह ढोका मोहल्ला में दस रुपये के नोट के साथ करियाने की दुकानों पर आठ सौ रुपये का राशन दिया जा रहा है। लोक इंसाफ पार्टी के उम्मीदवार युवराज मल्होत्रा का कहना है कि उनके सियासी दुश्मन गलत वीडियो वायरल कर रहे है। वह ठेकेदार भी कांग्रेसियों के साथ मिला है, जो उसका नाम लेने पर दस रुपये में शराब की बोतल दे रहे है।