लुधियाना निगम चुनाव न कराने पर हाईकोर्ट जाएंगे बैंस ब्रदर्स
बैंस बोले, लुधियाना में चुनाव न कराना सरकार की पहली हार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
पंजाब में लुधियाना नगर निगम के चुनाव टालने के खिलाफ लोक इंसाफ पार्टी के प्रमुख एवं विधायक सिमरजीत सिंह बैंस एवं बलविंदर सिंह बैंस शनिवार को हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। यह दावा बैंस ब्रदर्स ने किया है।
काबिलेजिक्र है कि पंजाब चुनाव आयोग ने सूबे में जालंधर, अमृतसर एवं पटियाला नगर निगमों के चुनाव 17 दिसंबर को कराने का एलान किया है। जबकि लुधियाना नगर निगम के चुनावों की तारीख का ऐलान नहीं किया गया है। इससे लोक इंसाफ पार्टी खफा है।
बैंस ब्रदर्स का कहना है कि उन्हें पहले ही आशंका थी कि लुधियाना के निगम चुनाव बाकी तीन निगमों के साथ नहीं कराए जाएंगे। दोनों विधायकों ने कहा कि लुधियाना में चुनाव ठंडे बस्ते में डालना कांग्रेस सरकार की पहली हार है। बैंस ने यह भी साफ किया कि लिप एवं आम आदमी पार्टी गठबंधन निगम चुनाव मिल कर लड़ेंगे।
काबिलेजिक्र है कि लुधियाना नगर निगम का हाउस भंग है। इसकी मियाद 20 सितंबर को खत्म हो चुकी है। जबकि बाकी निगमों की समय सीमा भी इसी वक्त खत्म हुई थी। पहले सरकार ने दिसंबर में चुनाव कराने की बात की थी, लेकिन अब लुधियाना के चुनाव लंबित कर दिए गए हैं। लुधियाना के चुनाव लेट कराने के पीछे शहर की नई वार्डबंदी के काम में हुई देरी को कारण बताया जा रहा है। मौजूदा वक्त में लुधियाना में 75 वार्ड हैं और नई वार्डबंदी के बाद इनकी संख्या बढ़ कर 95 हो जाएगी। विधायक सिमरजीत सिंह बैंस का कहना है कि सरकार गुजरात एवं हिमाचल के नतीजों से पहले तीन निगम एवं नगर काउंसिल के चुनाव कराना चाहती थी। इसी कारण उनका नोटिफिकेशन जारी करा दिया गया है। लेकिन लुधियाना को छोड़ दिया गया है। इसके खिलाफ शुक्रवार या शनिवार को लोक इंसाफ पार्टी अदालत का दरवाजा खटखटाएगी। उनका कहना है कि चारों नगर निगमों के चुनाव एक ही वक्त पर साथ साथ कराए जाएं।
-------------30 नवंबर