संगरूर। शनिवार को मास्टर मोटीवेटर और मोटीवेयर वर्कर यूनियन की तरफ से मालेरकोटला में काली झंडियों के साथ प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री रजिया सुलताना के निवास स्थान की तरफ रोष मार्च करके धरना लगाया गया।
यूनियन के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सोढी, सुखविंदर सिंह ढिल्लों और सुखवीर सिंह चीमा ने कहा कि कैप्टन सरकार ने चुनाव के समय जो वादे किए थे उन्हें पूरा नहीं किया गया। मोटीवेटर और मास्टर मोटीवेटरों के मासिक वेतन और रोजगार पक्का करने को लेकर वह कई बार उच्च अधिकारियों, डिप्टी कमिश्नरों, विधायकों को मिल चुके हैं लेकिन उनकी कहीं सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वह गांवों में पानी की संभाल का कार्य करते हैं लेकिन उन्हें मानदेय पूरा नहीं दिया जाता। इस कारण वर्करों में सरकार के प्रति रोष है। उन्होंने मांग की कि उनकी मांगों को पूरा किया जाए अन्यथा वह लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे और सरकार की चुनाव रैलियों को भंग कर देंगे। नायब तहसीलदार बलविंदर सिंह ने प्रदर्शनकारियों से मांगपत्र लेकर धरना समाप्त करवाया। मौके पर हरदीप सिंह, अमनदीप कौर, मनिंदर सिंह, सिमरनजीत सिंह, रमनदीप कौर, बलजीत कौर, हरप्रीत कौर, परमजीत कौर मौजूद थे।