खराब मौसम से कर्ज माफी समागम रद्द
एक सप्ताह बाद समागम होने की संभावना: डिप्टी कमिशनर
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। बारिश होने की संभावना के चलते बुधवार को जिले के गांव महराज में होने वाला कर्ज माफी के दूसरे चरण के समागम को रद्द कर दिया गया। इसकी पुष्टि करते हुए डिप्टी कमिश्नर प्रनीत ने बताया कि एक सप्ताह बाद समागम होने की संभावना है। ॉ
प्रशासन ने समागम के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली थी। मंगलवार को चंडीगढ़ से आए एक फोन ने आयोजन पर पानी फेर दिया और तैयारियां धरी की धरी रह गई। साउंड, टेंट को पूरी तरह से समागम स्थल पर फिट कर दिया गया था। इस के अलावा समागम में पहुंचने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए प्रशासन ने पंजाबी गायक कुलविंदर बिल्ला को भी बुक कर दिया था ।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से महराज में कर्ज माफी समागम के दूसरे चरण का आगाज कर ग्यारह हजार से अधिक किसानों का ऋण माफ करना था। अब खराब मौसम के कारण समागम को रद्द कर दिया गया है। राज्य स्तर पर होने वाले इस समागम को लेकर सरकारी खजाने पर भी लाखों रुपये का बोझ पडा़ है। समागम की तैयारियों को लेकर प्रशासन की तरफ से जो भी अब तक खर्च किया गया धन भी व्यर्थ हो गया।