हरसिमरन कौर के सिर सजा पंजाबी मुटियार का ताज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज में सावन का विशेष त्योहार तीज बहुत ही उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। उद्घाटन प्रिंसिपल डॉ. चरणजीत माहल ने किया। उन्होंने इस अवसर पर तीज के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी।
कॉलेज प्रांगण में छात्र रंग-बिरंगे परिधानों और गहनों से सज कर पहुंची। मेले में पूड़े, खीर, जलेबी, समोसे, मेंहदी, चूड़ियां, चरखा, फुलकारी, पखी जैसे स्टालों के साथ कई अन्य तरह के खेलों के स्टाल लगाए गए थे। इस अवसर पर पर गिद्दा, मेंहदी, पंजाबी मुटियार, मेढ़ी गूंथने जैसे मुकाबले कराए गए। इस दौरान हरसिमरन कौर पंजाबी मुटियार चुनी गई। फर्स्ट रनरअप बंधनजोत कौर और रुपारमन कौर सेकेंड रनरअप चुनी गई। गिद्दे में आर्ट की टीम पहले, कामर्स की टीम दूसरे और साइंस की टीम तीसरे स्थान पर रही। इसके अलावा गिद्दे दी रानी राजनदीप कौर, पारंपरिक पंजाबी परिधान संदीप कौर को चुना गया। मेहंदी मुकाबले में हरप्रीत कौर पहले, पल्लवी दूसरे और आशीमा तीसरे स्थान पर रही। प्रिंसिपल ने विजेता छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और विरासत से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।