सेहत विभाग ने खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर। मिशन तंदुरुस्त पंजाब के तहत स्वास्थ्य विभाग की फूड सेफ्टी टीम की तरफ से भवानीगढ़ में नाभा रोड में छापामारी करके एक बड़ी फर्म से दूध, पनीर, आइसक्रीम, स्किम्ड मिल्क पाउडर और वनस्पति तेल केसैंपल भरे गए। जबकि पालम करनेल आयल का एक टीन, तीन सौ किलो वनस्पति, एक बैग स्किम्ड मिल्क पाउडर सील किया गया। सहायक कमिश्नर फूड रविंदर गर्ग और फूड सेफ्टी अधिकारी चरणजीत सिंह ने बताया कि छापामारी टीम ने जो सैंपल भरे हैं उन्हें जांच के लिए चंडीगढ़ भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद फूड सेफ्टी एंड स्टेंडर्ड एक्ट के मुताबिक बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले गांव गग्गड़पुर में दूध के दो सैंपल भरे गए। दूध और पनीर का एक-एक सैंपल संगरूर की डेयरी से भरा गया। इस कार्रवाई के दौरान एएसआई सुखजिंदर सिंह और एचसी सतवंत सिंह मौजूद थे।