बठिंडा में सरकारी कार्यालयों को छोड़ बाजार रहे बंद
बाजार बंद करवाने आए लोग भड़के, दुकानदार से भी गाली गलौच
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
दलित समाज के बाद मंगलवार को जनरल वर्ग के लोगों की ओर से किए गए भारत बंद का बठिंडा में व्यापक असर देखने को मिला। सरकारी कार्यालयों को छोड़कर शहर के सभी बाजार बंद रहे। हालांकि कुछ प्राइवेट अदारे भी खुले रहे। वहां पर रोजाना की तरह काम होता रहा। दोपहर के बाद जिले में स्थिति कुछ तनावपूर्ण हो गई थी, जब जनरल समाज के लोगों ने मौड़ मंडी, रामपुरा, भाईरूपा एवं शहर का बस स्टैंड बंद करवाने गए तो सुरक्षा के लिहाज से मौके पर पुलिस फोर्स पहुंच गई थी। वहीं जो बसें चल रही थी, उनके पहिये वहीं थम गए और बस स्टैंड को भी पूरी तरह से बंद कर दिया गया।
हालांकि सुबह भारत बंद को लेकर लोग असमंजस में थे, लेकिन जैसे ही सुबह 10 बजे जनरल समाज के कुछ लोगों ने शहर के माल रोड पर खुली दुकानें बंद करवानी शुरू की तो बाकी बाजारों में दुकानें खोल बैठे दुकानदार खौफ में आए गए। उन्होंने इस डर की वजह से अपनी दुकानें बंद कर बाजार पूरी तरह से बंद कर दिया। शहर के माल रोड पर स्थित एक मोबाइल का शोरूम खुला होने से जनरल समाज के कुछ लोग भड़क गए। उन्होंने दुकान को जबरदस्ती बंद करवाने का प्रयास किया तो दुकानदार ने बंद करने से इंकार कर दिया। इसके बाद बाजार बंद करवाने आए लोग भड़क गए और दुकानदार के साथ गाली गलौच करने लगे। इसकी सूचना मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस समेत पहुंचे थाना प्रभारी सुखमंदर सिंह ने दुकानें बंद करवाने आए लोगों को शांत करवाया। वहीं पुुलिस की मौजूदगी में लोग दुकानदार को गाली निकालते हुए आगे चले गए। वहीं भारत बंद के दौरान शहर में किसी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और न ही पुलिस की ओर से किसी के खिलाफ कोई केस दर्ज किया गया।