गिरफ्तारी के लिए लगाया धरना
कांग्रेसी सरपंच की ओर से एससी परिवार की मारपीट का मामला
बसपा की अगुवाई जिला मुख्यालय पर एकजुट हुए कई संगठन
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगढ़ साहिब। जिले के गांव डेरा मीर मीरा में गत एक जनवरी की सुबह पंचायती चुनाव के बाद दो गुटों के बीच हुए खूनी घमासान में एससी परिवार के पांच सदस्यों को गंभीर घायल करने वाले हमलावरों की अभी तक गिरफ्तारी न होने पर पर बहुजन समाज पार्टी खफा हो गई है। सोमवार को पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर रोष प्रदर्शन कर हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी भी दी है कि अगर जल्द हमलावरों को गिरफ्तार न किया गया तो नेशनल हाईवे पर जाम किया जा सकता है।
जैसे ही धरना शुरू हुआ तो अन्य राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक संगठनों के नेताओं ने भी हिस्सा लेकर हमलावरों पर कार्रवाई मांगी। मौके पर पहुंचे एसपीएच रविंदरपाल सिंह संधू ने आश्वासन दिया कि 11 फरवरी तक पुलिस संबंधित लोगों पर योग कार्रवाई करेगी जिस पर धरनाकारियों ने धरना समाप्त कर दिया। बसपा के प्रदेश महासचिव बलदेव सिंह मेहरा ने कहा कि महीना बीत जाने के बाद भी मामले में पुलिस प्रशासन की ढीली कारगुजारी रही है। मेहरा ने कहा कि वह अब झूठे आश्वासन के चक्कर में नहीं आएंगे।
पुलिस प्रशासन यह बात समझ ले कि 11 फरवरी तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो अगले दिन नेशनल हाईवे पर जाम लगाने से संकोच नहीं किया जाएगा। जिसकी जिम्मेवारी भी स्थानीय पुलिस प्रशासन की होगी। इस मौके पर बसपा लोकसभा इंचार्ज कुलवंत सिंह मेहतो, जिला प्रधान गुरमेल सिंह महदूदा, भीम सिंह माणकी, हरभजन सिंह दुल्लवां, तरलोचन सिंह सैनी, पूर्व शिअद सांसद सतविंदर कौर धालीवाल, एसजीपीसी सदस्य करनैल सिंह पंजोली, प्रदेश कांग्रेस सचिव कुलदीप सिंह सहोता, गुरमीत सिंह चौबदरां, भगवान सिंह, राजिंदर गोगी, शेर सिंघ मैणमाजरी, बलदेव सिंह, जोरा सिंह समेत एससी भाईचारे के लोग मौजूद थे।