शैलर मालिकों से जब्त किया हजारों बोरी चावल
तीन राज्यों से खरीदा गया था, कैबिनेट मंत्री के आदेश पर की गई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
जगरांव (लुधियाना)। धान के सीजन में शार्टेज से निपटने के लिए जगरांव के शैलर मालिकों की ओर से देश के तीन राज्यों से गरीबों का चावल खरीदकर स्टोर करने का पर्दाफाश हुआ है। यह कार्रवाई फूड एंड सप्लाई मंत्री भारत भूषण आशु के आदेश पर की गई। जिले के अधिकारी देर रात तक डेरा लगाए बैठे रहे।
जानकारी के अनुसार कैबिनेट मंत्री आशु के आदेश पर डीएफएससी लुधियाना राकेश भास्कर की अगुवाई में विभाग की टीम ने कई शैलरों पर छापामारी की। इन शैलरों में हजारों बोरी चावल अवैध तरीके से स्टोर किया पाया गया। यह चावल देश के तीन राज्यों से खरीदा गया था जो सरकार की तरफ से गरीबों को बांटने के लिए जारी किया गया था। छापामारी के साथ शैलर इंडस्ट्री में भगदड़ मच गई। डीएफएससी लुधियाना राकेश भास्कर का कहना है कि छापामारी की गई है। रिपोर्ट तैयार होने तक इसकी जानकारी नहीं दे सकते। वहीं फूड सप्लाई मंत्री भारत भूषण आशु का कहना है कि इसे किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके पास इस मामले की पुख्ता जानकारी है जिस पर कार्रवाई चल रही है।