खिलाड़ियों को मिलेगा उचित सम्मान: धर्मसोत
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
नौजवानों को खेलों से जुड़कर अपना और देश का नाम रोशन करना चाहिए। खेलों में उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को पंजाब सरकार की ओर से नौकरियां, इनाम और बनता मान सम्मान दिया जाएगा। यह बातें रविवार को सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल साहनेवाल में कबड्डी टूर्नामेंट में बतौर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री साधू सिंह धर्मसोत ने कहीं।
उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़वा के लिए पंजाब सरकार की ओर से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पिछले दिनो क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर को पंजाब सरकार ने डीएसपी के तौर पर भर्ती किया है। इसी तरह जो खिलाड़ी भी विशेष प्राप्तियां हासिल करेंगे उन्हें नौकरियां व बनते मान सम्मान से नवाजा जाएगा।
उन्होंने कहा खिलाड़ियोंके सामने सबसे बड़ी चुनौती नशा है, जिसका उन्हें डट कर मुकाबला करना चाहिए, ताकि नौजवानों को बचा कर सूबे को विकास के रास्ते पर चलाया जा सके। इस मौके पर उन्होंने आयोजकों की प्रशंसा करते हुए टूर्नामेंट के लिए एक लाख रुपये देने का एलान किया। सीनियर कांग्रेसी नेता सतविंदर कौर बिट्टी ने कहा कि हलका साहनेवाल में खेलों वअन्य क्षेत्रों में किए जा रहे विकास के बारे में बताया। इस मौके पर खेल प्रबंधक स्वर्ण सिंह, सीनियर कांग्रेसी नेता कुलराज सिंह ग्रेवाल, खिलाड़ी व खेल प्रशंसक मौजूद रहे।