आप नेताओं की मौकापरस्ती हुई सार्वजनिक: ढींढसा
चार-पांच विधायक देख रहे हैं मुख्यमंत्री बनने का सपना
सरकार विरोधियों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही
अमर उजाला ब्यूरो
सुनाम ऊधम सिंह वाला (संगरूर)। पूर्व वित्त मंत्री और अकाली दल के महासचिव परमिंदर सिंह ढींढसा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता अपने भीतर ढेरों इच्छाओं को पाले हुए हैं और पद हासिल करने की लालसा सभी को है। चार से लेकर पांच विधायक तो मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे थे। इसी कारण पार्टी का अनुशासन भंग हो रहा है और नेताओं की मौकापरस्ती भी सार्वजनिक हो रही है। वह रविवार को पत्रकारों से वार्ता कर रहे हैं।
पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं का चेहरा पूरी तरह से बेनकाब हो चुका है। पहले भी इस पार्टी ने लोगों को भ्रमित करके और लच्छेदार भाषण देकर वोट हासिल किए थे। अब लोग इस पार्टी की असलियत जान गए हैं। आप ने नेताओं की भीतरी गुटबाजी और खुलकर लोगों के सामने आने लगी है। आप नेताओं की मौकापरस्ती देखकर जनता भी हैरान है।
कांग्रेस की प्रदेश सरकार पर निशाना साधते ढींढसा ने कहा कि हरेक फ्रंट पर यह गवर्नमेंट नाकाम साबित हो रही है। अब तो विधानसभा सेशन को सीमित करके विरोधी दलों की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। ढींढसा ने कहा कि जिस प्रकार राज्य में कई गंभीर मुद्दे उठ रहे हैं, ऐसे हालात में सेशन का समय कम से कम दस दिन का होना चाहिए। इस मौके पर वेद प्रकाश जनालिया, अक्षय जनालिया, रविंदर गोरखा, गौरव जनालिया,रत्न कुमार हाजिर थे।