अपने दम पर चुनाव लड़ेगी आप: सिसोदिया
प्रदेश के 26 लाख परिवारों से सीधा संपर्क साधेगी पार्टी
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री एवं पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस से समझौते की बात सिर्फ दिल्ली राज्य तक सीमित थी। अमित-मोदी की जोड़ी देश को लूट रही है, जिसे तोडने के लिए दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस से गठबंधन करने की कोशिश की थी, अब पार्टी अपने दम पर अकेले चुनाव लड़ेगी। सिसोदिया दिल्ली के चुनाव प्रचार की डोर टू डोर नीति को माइक्रो मैनेजमेंट के जरिये पंजाब में लांच करने केलिए सभी हलका प्रभारियों, लोक सभा प्रत्याशियों और वर्करों को इसकी सिखलाई देने के लिए पहुंचे हुए थे।
उन्होंने कहा कि पंजाब के प्रत्येक हलके में दो लाख परिवारों और पंजाब के 26 लाख परिवारों से पार्टी सीधा संपर्क साधेगी। 16 अप्रैल से ही यह काम शुरू हो जाएगा और 21 अप्रैल से 26 अप्रैल तक इसे मुकम्मल कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के पास चुनाव लड़ने के लिए पैसा नहीं है किंतु वर्करों की ताकत जरूर है। उन्होंने कहा कि इस मुहिम दौरान पार्टी कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों, विकासकार्यों और अन्य पार्टियों की असफलताओं को लोगों के समक्ष रखेंगे।
उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव दौरान पंजाब में नशा सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा। कैप्टन सरकार ने भी पंजाब से नशा खत्म करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए। इसके अलावा धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी के मामले में लोग अकाली दल को घेरेंगे। आम आदमी पार्टी से किनारा कर चुकी पार्टी की प्रदेश महासचिव डा. अमनदीप गोसल द्वारा सांसद भगवंत मान पर एनआरआई फंडों का दुरुपयोग करने के आरोपों के बारे भगवंत मान ने कहा कि पार्टी से बाहर जाने के बाद वह उन पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। यह सिर्फ पार्टी की छवि को खराब करने के लिए अपनाए जा रहे हथकंडे हैं। इनमें कुछ भी सच्चाई नहीं है। इस मौके पर विपक्ष के नेताएडवोकेट हरपाल सिंहचीमा, विधायक सुरजीत माणुके, विधायक अमन अरोड़ा भी मौजूद थे।