पूर्व सैनिक जंतर-मंतर रवाना
अमर उजाला ब्यूरो
खन्ना। वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) के मुद्दे पर वर्ष 2014 से दिल्ली में जंतर-मंतर पर जारी धरने में शामिल होने के लिए एक जत्था खन्ना रेलवे स्टेशन से रवाना हुआ। जत्थे की अगुवाई पूर्व सैनिक एक्स सर्विसमैन वेलफेयर एसोसिएशन के उप प्रधान कैप्टन मेहर सिंह इकोलाही ने की।
कैप्टन इकोलाही ने कहा कि सत्ता में आने से पहले मोदी ने रेवाड़ी (हरियाणा) में रैली की थी। इसमें वादा किया गया था कि भाजपा की सरकार आने पर 100 दिनों में ओआरओपी लागू किया जाएगा। सत्ता में आने के बाद वादा पूरा नहीं किया गया। 1326 दिनों से दिल्ली में पूर्व सैनिक धरने पर बैठे हैं। उनकी सार नहीं ली गई। इससे भाजपा का सैनिक विरोधी चेहरा बेनकाब हुआ है। एसोसिएशन के कैशियर नंद लाल माजरी ने ओआरओपी का सियासी मतलब ओनली राहुल ओनली प्रियंका निकालने पर भाजपा प्रधान अमित शाह की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा ने पूर्व सैनिकों से धोखा किया है। मौके पर सूबेदार मेजर करनैल सिंह, कैप्टन मुकुंद सिंह, कैप्टन नरिंदर सिंह, हवलदार हरनेक सिंह, सुरजीत सिंह, जरनैल सिंह, कुलदीप सिंह, कुलवंत सिंह, बलदेव सिंह, चरण सिंह, सकिन्द्र सिंह, मेवा सिंह, राम मोहन उपस्थित थे।