तड़प रहे बच्चे को पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, जांच में जुटी, सीसीटीवी कैमरे हो रहे चेक
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। महानगर में नशाखोरी का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। राम नगर स्थित आशियाना पार्क के पास वीरवार को एक 10 वर्षीय बच्चा बेसुध हालत में पड़ा मिला।
राहगीरों ने उसे उठाने का प्रयास किया पर वह अपने पैरों पर संतुलन नहीं बना सका। बच्चा दर्द से बिलखने लगा, जिससे मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। इलाके के लोगों ने आशंका जताई कि मासूम को नशे की ओवरडोज दी गई है। सूचना मिलने पर चौकी मुंडियां की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद बच्चे को निजी अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज जारी है। स्थानीय समाजसेवी दुर्गेश कुमार ने एंबुलेंस बुलाई पर स्वास्थ्य विभाग की गाड़ी नहीं पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बच्चे की नाजुक स्थिति देख उसे सरकारी गाड़ी से सिविल अस्पताल में दाखिल कराया।
अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री पर आक्रोश
इस घटना से पूरे इलाके के लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का दावा है कि राम नगर में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। इससे छोटे बच्चे भी नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रमुख से तस्करों का नेटवर्क ध्वस्त करने के लिए तलाशी अभियान चलाने की मांग की है। थाना जमालपुर के एसएचओ इंस्पेक्टर परमदीप सिंह ने बताया कि बच्चे का इलाज चल रहा है और पूछताछ की कोशिश की गई है।