उत्तरप्रदेश के विधानसभा चुनावों के दौरान अपने भाषण में यूपी के लोगों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में चंडीगढ़ जिला अदालत ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को जवाब दाखिल करने का अंतिम मौका दिया है।
शुक्रवार को इस मामले की सुनवाई थी, लेकिन राहुल गांधी की ओर से कोई भी जवाब नहीं दाखिल किया गया। अब तक तीन बार जवाब दाखिल करने के लिए नोटिस जारी किया जा चुका है। अब सुनवाई की आगामी तारीख 14 अगस्त तय की गई है।
ग्लोबल ह्यूमन राइट काउंसिल के चेयरमैन अरविंद ठाकुर और अखिल भारतीय यादव समाज के अध्यक्ष और सुल्तानपुर निवासी शिवमूर्ति यादव ने 11 नवंबर 2011 को याचिका दायर की थी। याचिका में कहा गया कि यूपी चुनाव में राहुल गांधी अमेठी में प्रचार करने आए थे।
यहां पर राहुल ने यूपी के लोगों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
इस मामले की सुनवाई शुक्रवार को जेएमआईसी टीपीएस रंधावा की अदालत में होगी, जबकि इससे पहले तीन बार नोटिस सिविल जज महेश ग्रोवर की अदालत द्वारा दिए गए थे। सिविल जज महेश ग्रोवर का यहां से तबादला हो चुका है।