सूरज नगरी वार्ड नं. 11 निवासी एक आरएमपी डॉक्टर की कुछ लोगाें ने मंगलवार शाम करीब 7 बजे पीट कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार डॉक्टर मोहन लाल (32) पुत्र बालकराम के भतीजे का सोमवार को पतंग उड़ाने को लेकर कुछ लोगों से झगड़ा हो गया था। बाद में मामला निपटा दिया गया। मंगलवार दिन में करीब आधा दर्जन युवकों ने मोहन लाल के घर पर जाकर गाली गलौच की।
उसके घर पर न होने के कारण वे लोग वापस चले गए। शाम को जब मोहन लाल घर आया तो उसके साथ उसके दोस्त भी थे। दोस्तों ने यह मामला पंचायत करवाकर निपटाने का आश्वासन दिया। करीब 7 बजे मोहन लाल जब अपने दोस्तों को जीटी रोड तक छोड़कर वापस आ रहा था तो घात लगाकर बैठे करीब आधा दर्जन युवकों ने उस पर हमला कर दिया और उसके सिर में कोई तेजधार हथियार मार कर उसकी हत्या कर दी।
मोहन लाल का भाई मदन लाल मौके पर पहुंचा तो वे लोग वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जसवीर सिंह मौके पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के भाई मदन लाल के बयानों के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।