कल्याण ज्वैलर्स के जब्त किए 170 किलोग्राम से अधिक के स्वर्ण, हीरे के आभूषण शुक्रवार को नहीं छूट पाए। ज्वैलर्स के अधिकारियों ने दिन भर आबकारी एवं कराधान विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की।
असिस्टेंट एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर तेजबीर सिंह सिद्धू का कहना है कि पार्टी को नोटिस जारी कर दिए हैं। ज्वैलर्स ने सोने के संबंध में कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया है।
उनके पास जुर्माने की रकम की बैंक गारंटी देकर माल छुड़वाने का विकल्प है।
सिद्धू ने साफ किया कि दक्षिण भारत से कल्याण ज्वैलर्स पंजाब में कारोबार करने आया है। उनको किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए शनिवार को छुट्टी के बावजूद उनकी टीम दफ्तर में उपस्थित रहेगी। यदि शनिवार को ज्वैलर्स बैंक गारंटी देता है तो माल रिलीज किया जा सकता है।
वीरवार की शाम को साहनेवाल हवाई अड्डे पर चार्टर्ड प्लेन से आ रहे साठ करोड़ रुपये मूल्य के 170 किलोग्राम स्वर्ण, हीरे के आभूषण गोल्ड इत्यादि को आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने जब्त कर लिया था। कराधान विभाग का तर्क है कि इतनी बड़ी कंसाइनमेंट को त्रिचूर एवं कोयंबटूर से ट्रांसफर करते वक्त ज्वैलर्स ने विभाग को कोई जानकारी नहीं दी।
उनको आईसीसी बैरियर पर या संबंधित वार्ड अधिकारी को आनलाइन या दस्ती सूचना देना अनिवार्य था। 22 सितंबर को लुधियाना के रानी झांसी रोड पर कल्याण ज्वैलर्स का बड़ा शोरूम खुल रहा है। इस शोरूम के लिए ही गोल्ड का स्टॉक दक्षिण भारत से लुधियाना विशेष विमान के जरिए भेजा जा रहा था। विभाग ने इसे जब्त करके ट्रेजरी में सुरक्षित रखा है।