जालंधर में सोमवार रात को सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों में से एक युवक का सोमवार को जन्मदिन था। बर्थडे पार्टी कर लौट रहे तीन दोस्तों की स्कूटी खंभे से टकरा गई, जिनमें दो की मौत और तीसरा घायल हुआ है।
पंजाब के जालंधर में सोमवार रात सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसा जालंधर के लाडोवाली रोड पर हुआ है। वहीं इस हादसे में एक युवक घायल हुआ है। तीनों दोस्त बर्थडे पार्टी से स्कूटी पर लौट रहे थे। हादसा उस वक्त हुआ जब तीन दोस्त वंश, सुनील और चेतन बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे।
विज्ञापन
सुनील का सोमवार को जन्मदिन था। हादसे में बर्थडे ब्वॉय सुनील और वंश की मौत हो गई। तीनों एक ही स्कूटी पर सवार थे और तेज रफ्तार स्कूटी बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक वंश और सुनील की जान जा चुकी थी। घायल चेतन को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हैरानी की बात यह है कि तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, सिर में गंभीर चोट के कारण दोनों युवकों की मौत हुई। अगर हेलमेट पहना होता, तो शायद जान बचाई जा सकती थी। वंश 11वीं का छात्र था और दो दिन बाद उसका जन्मदिन आने वाला था, जबकि सुनील अपने परिवार का इकलौता सहारा था। हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है।
विज्ञापन
पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे तेज रफ्तार और लापरवाही से हुआ स्वाभाविक हादसा बताया है। साथ ही, लोगों से हेलमेट पहनने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।