जालंधर में हार्डवेयर स्टोर के भीतर टूटी लिफ्ट की जांच करते पुलिस मुलाजिम।
- फोटो : JALANDHAR
शहीद भगत सिंह चौक के पास स्थित हार्डवेयर की दुकान में रविवार सुबह लिफ्ट टूटने से एक वर्कर की मौत हो गई। एक घायल हो गया। सूचना पाकर एसएचओ मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
एसएचओ मुकेश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि भगत सिंह चौक के पास हार्डवेयर का काम करने वाले तिलकराज एंड संस कपूर ट्रेडर्स ने वहां गोदाम बना रखा था। इसके बिल्कुल सामने उनका स्टोर भी है। दो मंजिल के इस गोदाम में पहली मंजिल से सामान लाने के लिए माल ढोने वाली लिफ्ट लगाई गई है। जब माल लेकर दोनों कर्मचारी दूसरी मंजिल से नीचे आ रहे थे तो लिफ्ट गई। सामान और दोनों कर्मचारी धड़ाम से नीचे गिर गए। मृतक राजू (25) राज नगर का रहने वाला है।
एसीपी नार्थ सुखजिंदर सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है कि लिफ्ट ओवरलोड थी या कोई दूसरी वजह से लिफ्ट टूटी है। फिलहाल जांच में सामने आया है कि लिफ्ट देसी जुगाड़ से तैयार की गई थी। लिफ्ट का तार काफी मोटा था लेकिन फिर भी टूट गया। जांच अधिकारी मुकेश कुमार का कहना है कि लिफ्ट गिरने की घटना तार टूटने के कारण हुई है। राजू के परिवार की तरफ से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है। राजू के परिवार की तरफ से अगर कोई शिकायत पुलिस को मिलती है तो आपराधिक केस दर्ज किया जाएगा।