पति ने अपना सब कुछ बेचकर 20 लाख रुपये इकट्ठा कर पत्नी को कनाडा भेजा ताकि वहां जाकर वह उसे भी बुला ले। कनाडा पहुंचने पर पत्नी ने उसे नहीं बुलाया। थाना सदर जीरा पुलिस ने रविवार को आरोपी पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज लिया है। सभी आरोपी फरार हैं।
अंग्रेज सिंह वासी गांव फेरोके (जीरा) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि साजिश के तहत आरोपी रूप सिंह वासी फरीदकोट ने अपनी बेटी गगनदीप कौर की शादी उसके बेटे अवतार सिंह से करवा दी। शादी से पहले रूप सिंह ने कहा था कि उसकी बेटी कनाडा पहुंचकर उनके बेटे अवतार को वहां बुला लेगी। गगनदीप कौर को कनाडा भेजने के लिए अंग्रेज सिंह का बीस लाख रुपये खर्च हुआ। गगनदीप कौर को कनाडा पहुंचे काफी समय हो गया। उसने अवतार को वहां नहीं बुलाया। जब बेटे के ससुराल पक्ष के लोगों से बातचीत की तो उन्होंने अवतार को कनाडा बुलाने से साफ इनकार कर दिया। अंग्रेज ने इस संबंधी पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने पूरे मामले की तफ्तीश करने के बाद आरोपी पत्नी गगनदीप कौर, रूप सिंह, बाबू सिंह, चरणजीत कौर पत्नी रूप सिंह वासी गांव रण सिंह वाला जिला फरीदकोट के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एएसआई कर्म सिंह के मुताबिक पीड़ित अंग्रेज सिंह के बयान पर उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।