मंडी गोबिंदगढ़। मंडी गोबिंदगढ़ के लोहार बाजार में शुक्रवार दोपहर को मात्र एक घंटे के भीतर दो लूटपाट की घटनाएं सामने आईं जिससे शहर में दहशत का माहौल बन गया। दोनों घटनाएं महज 50 मीटर की दूरी पर हुईं जिससे पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पहली घटना में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने 85 वर्षीय निर्मला देवी के कानों से सोने की बालियां झपट लीं। पीड़िता ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।
दूसरी घटना आईआईएफएल गोल्ड लोन दफ्तर के बाहर घटी, जहां ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी की बाइक चोरी हो गई। बाइक मालिक की पहचान राम सिंह निवासी छोटा खन्ना के रूप में हुई है। इन दोनों घटनाओं के बाद गोविंदगढ़ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि पुलिस चुनाव ड्यूटी में व्यस्त होने के कारण लुटेरे सक्रिय हुए। व्यापारी और नागरिक अब पुलिस से गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। संवाद