पठानकोट। शाहपुरकंडी के गांव अखवाना में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता से मारपीट की गई। पति विशाल शर्मा और देवर रवीश पर आरोप है कि उन्होंने कम दहेज और सोने के आभूषण न मिलने पर महिला को पीटा। उसे मारपीट में चोटें आईं। पीड़िता रमनदीप कौर की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रमनदीप ने बताया कि उसकी शादी 19 अप्रैल को विशाल शर्मा से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे कम दहेज और मायके से सोने के गहने लाने की मांग को लेकर परेशान करते थे। देवर रवीश ने हाथापाई की, जबकि पति विशाल ने डंडे से पिटाई कर दी। घायल होने के बाद रमनदीप ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपियों की तलाश में है।