चौथे पंजाब राज्य शिक्षक योग्यता टेस्ट (पीएसटीईटी) के लिए रविवार सुबह से परीक्षा केंद्रों के बाहर चहल-पहल रही।
प्राइमरी शिक्षा के लिए ईटीटी पास 622 और सेकेंडरी शिक्षा के लिए बीएड पास 2188 बच्चों के परीक्षा देने की व्यवस्था की गई।
इनमें से पहले सेशन में 589 और दूसरे सेशन में 2102 बच्चे परीक्षा देने के लिए पहुंचे। जबकि कुल 119 बच्चे गैरहाजिर रहे। जिले में बने छह परीक्षा केंद्रों में सरकारी अमला पूरी तरह से तैनात रहा।
पीएसटीईटी के लिए शिक्षा विभाग की ओर से तैनात को-आर्डिनेटर राजेश जॉली ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी स्टेट अवार्डी रूप लाल रूप के नेतृत्व में परीक्षा सुचारू रूप से करवाने के लिए दो सेशन में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए।
पहले सेशन में दो और दूसरे सेशन में छह परीक्षा केंद्र बने थे। पहले सेशन में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल गर्ल्स व नवाब जस्सा सिंह आहलूवालिया सरकारी कालेज में 308 परीक्षार्थियों में से 285 और 315 में से 304 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
जबकि दोनों केंद्रों में 33 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरे सेशन में हिंदू पुत्री पाठशाला सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 392 में से 381, सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 308 में से 291, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल लड़के में 308 में से 301, एमडीएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 392 में से 385, हिंदू कन्या कालेज में 504 में से 476 तथा नवाब जस्सा सिंह आहलूवालिया सरकारी कालेज में 284 में से 268 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
इन परीक्षा केंद्रों में कुल 86 परीक्षा गैरहाजिर रहे। उन्होंने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा ली गई है। हर केंद्र में वीडियोग्राफी करवाई गई है। परीक्षा के लिए कुल 122 टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ की तैनाती की गई थी।