मुक्तसर में पावरकॉम के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : MUKTSAR
जिले के गांव चक्क गांधा सिंह वाला में मीटर उखाड़ने गए पावरकॉम के कर्मचारियों को नौजवान सभा, यूथ विंग किरती किसान यूनियन और ग्रामीणों के विरोध के कारण बैरंग लौटना पड़ा। गांववासियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मीटर उखाड़ने के लिए आएगा तो उसका घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान नौजवान भारत सभा के राज्य सचिव मंगा आजाद तथा किरती किसान यूनियन के यूथ विंग के जिला नेता रमनदीप सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण पहले ही लोगों के कार्य ठप पड़े है। लोगों को दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना भी मुश्किल हो रहा है। सरकारें किसानों-मजदूरों को बर्बाद करने के लिए अध्यादेश पास करने में लगी हुई है। वहीं बिजली विभाग के अधिकारी मजदूरों, किसानों के धक्केशाही के साथ मीटर उखाड़ रहे है तथा जुर्माने की धमकियां भी दे रहे है।
उन्होंने कहा कि मीटर उखाड़ने के लिए आए कर्मचारियों से पहले मिन्नत की गई। कर्मचारी उनकी बात को सुनने के लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद गांववासी एकत्र हो गए। ग्रामीणों का गुस्सा देखकर पॉवरकॉम के कर्मचारी बैरंग लौट गए। इस मौके पर प्रदीप कौर, नवजोत सिंह, रघु, अजयपाल, किसान नेता हरदीप सिंह, मजदूर नेता मनजीत कौर, राजप्रीत सिंह, बलजीत सिंह, सरबजीत कौर समेत अन्य मौजूद थे।