महानगर जालंधर के जालंधर कैंट एरिया के गांव वड़िंग में तैनात बिजली कर्मचारी को मीटर लगाने की एवज में घूस लेते हुए पंजाब विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शिकायत निवारण शाखा (सीएचबी) के सहायक चरनजीत सिंह को 2000 रुपये रंगे हाथ पकड़ा, अब 3500 रुपये पहले ही ले चुका था।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को राकेश कुमार निवासी सैनिक विहार गांव ढिल्लवां जिला जालंधर द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया था कि गांव वडिंग में उसके रिश्तेदार के घर की घरेलू बिजली आपूर्ति के लिए नया मीटर लगाने के बदले संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) सुरजीत सिंह के लिए 5000 रुपये और अपने लिए 500 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
आरोपी सीएचबी ने 31 जनवरी को घर में बिजली मीटर लगाने के दौरान पहले ही 3500 रुपये ले लिए और बाकी राशि बाद में देने के लिए कहा। अब उक्त आरोपी शिकायतकर्ता और उपभोक्ता से शेष 2000 रुपये की मांग कर रहा था और धमकी दे रहा था कि यदि राशि नहीं दी गई तो मीटर हटा दिया जाएगा। प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो जालंधर रेंज की टीम ने जाल बिछाया, जिसके तहत आरोपी सीएचबी सहायक को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 2000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। विजिलेंस ब्यूरो के जालंधर रेंज थाने में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की आगे जांच के दौरान संबंधित जेई की भूमिका की भी जांच की जाएगी।