तीन एकड़ जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवाकर 15 लाख 55 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में थाना लंबी पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं ठगी का शिकार व्यक्ति ने 18 जनवरी को जहर निगल लिया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना लंबी पुलिस को दी शिकायत में मनप्रीत सिंह मन्नू पुत्र जगतार सिंह वासी भीटीवाला ने बताया कि उन्होंने हरदीप सिंह और कुलदीप सिंह वासी गांव हाकूवाला के साथ तीन एकड़ जमीन का 28 लाख 80 हजार रुपये में सौदा किया था। इसका उन्हें 15 लाख 55 हजार रुपये बयाना दिया गया था। साथ ही रजिस्ट्री करवाने के लिए तारीख तय की गई थी लेकिन उक्त व्यक्ति तारीख वाले दिन रजिस्ट्री करवाने के लिए नहीं आए। इस संबंधी वह कई बार अन्य व्यक्तियों को लेकर उनके घर गए और रजिस्ट्री के लिए मिन्नतें कीं। हरदीप व कुलदीप सिंह रजिस्ट्री करवाने और रुपये लौटाने से मुकर गए। मनप्रीत के अनुसार इसी सदमे में उनका भाई जसप्रीत सिंह परेशान रहने लगा। इसी परेशानी के चलते उसने 18 जनवरी को जहर निगल लिया। उसकी इलाज चल रहा था। 25 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी बठिंडा के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। थाना लंबी पुलिस ने हरदीप सिंह और कुलदीप सिंह वासी हाकूवाला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।